पिता बना हैवान! दो मासूम बेटों की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला
◾7 वर्षीय देवांश की मौत, 11 वर्षीय बेटा जिंदगी-मौत से जूझ रहा; आरोपी पिता मंगेश बदखल गिरफ्तार
◾दुर्गापुर की शक्तिनगर कॉलोनी में दिल दहला देने वाली वारदात से मचा हड़कंप, हमले की असली वजह अब भी रहस्य
चंद्रपुर,( Rajya Reporter News ) : दुर्गापुर की शक्तिनगर कॉलोनी में सोमवार देर शाम एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। एक पिता पर अपने ही दो मासूम बेटों की गर्दन पर ब्लेड जैसे धारदार हथियार से हमला करने का आरोप है। इस निर्मम हमले में करीब 7 वर्षीय छोटे बेटे देवांश बदखल की मौत हो गई, जबकि 11 वर्षीय बड़ा बेटा गंभीर रूप से घायल है। बड़ा बेटा का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने मामले में आरोपी पिता मंगेश बदखल को गिरफ्तार कर लिया है।
पत्नी के घर छोड़ने के बाद तनाव में था पिता
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगेश बदखल अपने दोनों बच्चों के साथ अपने भाई राहुल बदखल के वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) के चंद्रपुर क्षेत्र स्थित क्वार्टर क्रमांक एम-29 में रह रहा था। बताया जाता है कि मंगेश की पत्नी कुछ माह पूर्व पारिवारिक विवाद के चलते घर छोड़कर चली गई थी। इसके बाद मंगेश ऑटो चलाकर अपने दोनों बच्चों की देखभाल कर रहा था।
जानकारी के मुताबिक, वह पत्नी को वापस घर लाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा था, लेकिन इसमें उसे सफलता नहीं मिल रही थी। इसी वजह से वह मानसिक तनाव में था। हालांकि, उसने अपने ही बच्चों पर जानलेवा हमला क्यों किया, इसका वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
एक बच्चे ने तोड़ा दम, दूसरा गंभीर
सोमवार देर शाम हुई इस वारदात में दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और स्थानीय नागरिकों में अफरा-तफरी मच गई। घायल बच्चों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद देवांश बदखल को मृत घोषित कर दिया, जबकि बड़ा बेटा की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक आयुष नोपनी, अपर पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकडे, उपविभागीय पुलिस अधिकारी प्रमोद चौगुले सहित दुर्गापुर पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी मंगेश बदखल को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए पुलिस ने मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।
शक्तिनगर कॉलोनी में दहशत और आक्रोश
अपने ही पिता द्वारा मासूम बच्चों पर किए गए कथित जानलेवा हमले की खबर फैलते ही शक्तिनगर कॉलोनी में सनसनी फैल गई। जिस पिता पर बच्चों की सुरक्षा और परवरिश की जिम्मेदारी थी, उसी पर अपने मासूम बेटों पर हमला करने का आरोप लगने से क्षेत्र में गहरा आक्रोश और अविश्वास का माहौल है।
पुलिस अब इस सनसनीखेज वारदात के पीछे की वास्तविक वजह, घटना की परिस्थितियों और हमले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।






0 Comments