वेकोली की अंतर क्षेत्रीय खेल प्रतियोगिता में चिकित्सा व्यवस्था पर सवाल

 



वेकोली की अंतर क्षेत्रीय खेल प्रतियोगिता में चिकित्सा व्यवस्था पर सवाल

◾‘फर्स्ट एड’ की जिम्मेदारी वाले डॉक्टर उद्घाटन समारोह में नदारद !


 चंद्रपुर,( Rajya Reporter News ) : वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (वेकोली) के चंद्रपुर क्षेत्र में आयोजित अंतर क्षेत्रीय पावर लिफ्टिंग, वेट लिफ्टिंग एवं बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता 2026-27 के उद्घाटन समारोह में ही चिकित्सा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल निर्माण हो गए हैं. चंद्रपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक ( प्रचालन ) द्वारा जारी कार्यालय आदेश में प्रतियोगिता के लिए फर्स्ट एड कमेटी गठित कर डॉक्टरों की जिम्मेदारी तय की गई है. लेकिन प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह के दौरान संबंधित डॉक्टरों की कार्यक्रम स्थल पर गैरमौजूदगी अब चर्चा का विषय बन गई है.

वेकोली चंद्रपुर क्षेत्र के दिनांक 8 अगस्त 2026 के कार्यालय आदेश के अनुसार दुर्गापुर ऑडिटोरियम, शक्तिनगर, चंद्रपुर में 11 से 13 अगस्त तक आयोजित होने वाली इस अंतर क्षेत्रीय प्रतियोगिता के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है. आदेश में फर्स्ट एड कमेटी में क्षेत्रीय अस्पताल के CMO/In-charge डॉ. डी.सी. आनंद एवं उनकी टीम तथा DOC डिस्पेंसरी के डॉ. आशीष वाकडे एवं उनकी टीम के साथ एंबुलेंस की स्पष्ट रूप से जिम्मेदारी निर्धारित की गई है.

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस प्रतियोगिता में वेकोली के विभिन्न क्षेत्रों से खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं जहां पावर लिफ्टिंग, वेट लिफ्टिंग और बॉडी बिल्डिंग जैसी शारीरिक रूप से जोखिम वाली स्पर्धाएं हो रही हैं वहां चिकित्सा सहायता के लिए डॉक्टरों की तैनाती की गई थी बावजूद इसके उद्घाटन समारोह के दौरान संबंधित डॉक्टर कार्यक्रम स्थल पर दिखाई नहीं दिए जबकि जानकारी के अनुसार वे अपने कार्यालय में मौजूद थे. यह मामला इसलिए गंभीर माना जा रहा है क्योंकि यह कोई सामान्य स्थानीय कार्यक्रम नहीं बल्कि वेकोली स्तर की अंतर क्षेत्रीय प्रतियोगिता है ऐसे आयोजन में खिलाड़ियों की सुरक्षा और आकस्मिक चिकित्सा सहायता को प्राथमिकता दी जानी चाहिए. 

प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में क्षेत्रीय महाप्रबंधक एम.एस. रेड्डी समय क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी, विभाग प्रमुख, विभिन्न समितियों के सदस्य तथा कामगार संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे. इस आयोजन को सफल बनाने के लिए आधिकारिक आदेश में रिसेप्शन, आयोजन, मंच व्यवस्था, भोजन, परिवहन, पुरस्कार, सुरक्षा, प्रेस एवं फोटोग्राफी तथा फर्स्ट एड तक अलग-अलग समितियां बनाई गई हैं इसके बावजूद जिस समिति की जिम्मेदारी खिलाड़ियों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की है उसी से जुड़े डॉक्टरों की अनुपस्थिति ने आयोजन के व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

खेल प्रतियोगिता में अचानक खिलाड़ी के चोटिल होने, बेहोशी, मांसपेशियों में खिंचाव अथवा अन्य स्वास्थ्य आपात स्थिति होने पर तत्काल चिकित्सकीय हस्तक्षेप की आवश्यकता पड़ सकती है ऐसे में यदि आदेश में नामित डॉक्टर कार्यक्रम स्थल पर ही मौजूद न हों तो आपात स्थिति में चिकित्सा सहायता कौन उपलब्ध कराएगा? यह सवाल अब उठना स्वाभाविक है खास बात यह है कि आदेश में संबंधित डॉक्टरों की जिम्मेदारी केवल औपचारिक रूप से दर्ज नहीं है बल्कि एंबुलेंस समेत चिकित्सा व्यवस्था का भी उल्लेख किया गया है ऐसे में डॉक्टरों की अनुपस्थिति को लेकर वेकोली प्रबंधन को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए. 

वेकोली प्रबंधन द्वारा इतने बड़े आयोजन के लिए दर्जनों अधिकारियों और कर्मचारियों को अलग-अलग समितियों में जिम्मेदारी दी गई है संबंधित अधिकारियों को 11 से 13 अगस्त तक आयोजन की सुचारू व्यवस्था के लिए अपने नियंत्रण अधिकारियों से कार्यमुक्त करने का निर्देश भी जारी किया गया है ऐसे में सवाल उठ रहा है कि यदि सभी समितियों के सदस्य अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रह सकते हैं तो चिकित्सा व्यवस्था के लिए नामित डॉक्टरों की मौजूदगी क्यों सुनिश्चित नहीं की गई?

फिलहाल डॉक्टरों की अनुपस्थिति के पीछे वास्तविक कारण क्या था यह प्रबंधन की ओर से स्पष्ट नहीं हुआ है लेकिन वेकोली की अंतर क्षेत्रीय प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में फर्स्ट एड कमेटी के डॉक्टरों की गैरमौजूदगी ने चिकित्सा व्यवस्था की गंभीरता और जवाबदेही पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं. 

अब देखना यह है कि वेकोली प्रबंधन इस मामले को महज संयोग मानता है या फिर आधिकारिक आदेश के बावजूद निर्धारित ड्यूटी से अनुपस्थिति की जिम्मेदारी तय करता है !




Post a Comment

0 Comments