गणेशोत्सव में चंद्रपुर जिले में DJ पर पूरी तरह रहेगा प्रतिबंध

 



गणेशोत्सव में चंद्रपुर जिले में DJ पर पूरी तरह रहेगा प्रतिबंध

◾शांतिपूर्ण और सुरक्षित उत्सव के लिए पुलिस-प्रशासन ने जारी किए दिशा-निर्देश

चंद्रपुर, ( Rajya Reporter News ) : आगामी सार्वजनिक गणेशोत्सव-2026 की तैयारियों के मद्देनज़र शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय, चंद्रपुर में समीक्षा एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी ने की। बैठक में महानगरपालिका आयुक्त अकनूरी नरेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकड़े, उपविभागीय पुलिस अधिकारी प्रमोद चौगुले सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, गणेश मंडलों के प्रतिनिधि, मूर्तिकार, डीजे संचालक एवं लगभग 200 से 250 नागरिक उपस्थित रहे। 

बैठक में पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि गणेश चतुर्थी से पूरे चंद्रपुर जिले में DJ बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों एवं ध्वनि प्रदूषण नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। प्रशासन ने सभी गणेश मंडलों, डीजे संचालकों एवं नागरिकों से इस निर्णय में सहयोग करने की अपील की है। 

पुलिस ने सभी गणेश मंडलों को अपने स्तर पर समन्वय समिति गठित करने, स्वयंसेवकों की नियुक्ति करने तथा मंडपों में CCTV कैमरे लगाने के निर्देश दिए। साथ ही विसर्जन यात्रा के दौरान छोटे बच्चों को वाहनों पर नहीं बैठाने और पारंपरिक वाद्ययंत्रों को प्राथमिकता देने की अपील की गई। 

इसके अलावा प्रशासन द्वारा आयोजित 'आदर्श गणेश मंडल प्रतियोगिता' में सभी मंडलों से उत्साहपूर्वक भाग लेने का भी आह्वान किया गया। पुलिस प्रशासन ने कहा कि सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी की जाएंगी और नागरिकों के सहयोग से गणेशोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।




Post a Comment

0 Comments