आंध्र प्रदेश का अंतरराज्यीय शातिर चोर चंद्रपुर व बल्लारपूर पुलिस के हत्थे चढ़ा
◾अंतरराज्यीय शातिर घरफोड़ चोर को गिरफ्तार
◾9 वारदातों का खुलासा, 4.65 लाख रुपये का मुद्दा माल जप्त
चंद्रपुर ( Rajya Reporter News ) : चंद्रपुर पुलिस की स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) और बल्लारपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आंध्र प्रदेश के एक अंतरराज्यीय शातिर घरफोड़ चोर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी से जिले में घरफोड़ और वाहन चोरी के कुल 9 मामलों का खुलासा हुआ है। पुलिस ने उसके कब्जे से 4 लाख 65 हजार रुपये मूल्य का चोरी का माल और वाहन बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकड़े के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम आंध्र प्रदेश के राजमुंद्री पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान चिन्नाबाबू वेंकटेश्वरलु गोरेला (32 वर्ष) निवासी राजमहेंद्रवरम (राजमुंद्री), आंध्र प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से ही आंध्र प्रदेश में 41 तथा तेलंगाना में 6, यानी कुल 47 चोरी और घरफोड़ के मामले दर्ज हैं।
जांच में सामने आया कि आरोपी बिना टिकट ट्रेन से चंद्रपुर आता था, रेलवे स्टेशन के आसपास से मोटरसाइकिल चोरी करता था और उसी वाहन का उपयोग कर बंद मकानों में चोरी की वारदात को अंजाम देता था। वारदात के बाद वह चोरी की बाइक रेलवे स्टेशन के पास छोड़कर ट्रेन से वापस अपने राज्य भाग जाता था।
पुलिस ने आरोपी से तीन दोपहिया वाहन, सोने-चांदी के आभूषण सहित कुल 4.65 लाख रुपये का माल बरामद किया है। आरोपी से पूछताछ में बल्लारपुर, राजुरा, रामनगर और चंद्रपुर शहर थाना क्षेत्र के 6 घरफोड़ और 3 वाहन चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है।
यह उल्लेखनीय कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकड़े के निर्देश पर स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक अमोल काचोरे, बल्लारपुर थाना निरीक्षक बिपीन इंगळे, सहायक पुलिस निरीक्षक दीपक कंक्रेडवार, बलराम झाड़ोकर (साइबर सेल), पुलिस उपनिरीक्षक विक्की लोखंडे,स्वामीदास चलेकर, किशोर वैरागड़े, अजय बागेसर, शरद कुडे, गोपीनाथ नरोटे, शेखर माथनकर, वृषभ बारसिंगे, विकास जुमनके, वैभव गाडगे तथा एलसीबी चंद्रपुर/बल्लारपूर की टीम सहित सफलतापूर्वक अंजाम दी।






0 Comments