क्षेत्रीय अस्पताल में बायोमेट्रिक हाजिरी और वेतन भुगतान के जांच की मांग
चंद्रपुर,( राज्य रिपोर्टर न्यूज ) : वेकोली चंद्रपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अस्पताल से एक गंभीर मामला सामने आया है जिसने अस्पताल प्रशासन की कार्यशैली और अनुशासन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं आरोप है कि अस्पताल में कार्यरत कुछ अधिकारी (डॉक्टर) एवं कर्मचारी निर्धारित कार्यालय समय का पालन नहीं कर रहे हैं इसके बावजूद वे अपनी सुविधा के अनुसार अस्पताल पहुंचकर बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कर रहे हैं और पूर्ण वेतन का लाभ उठा रहे हैं.
सूत्रों के अनुसार कुछ कर्मचारी स्वयं को क्षेत्रीय चिकित्सा अधिकारी का करीबी बताते हुए नियमों को खुली चुनौती दे रहे हैं आरोप है कि ऐसे कर्मचारी कभी भी अस्पताल पहुंचकर बायोमेट्रिक हाजिरी दर्ज कर देते हैं मानो नियम-कायदों से उनका कोई लेना-देना ही नहीं हो जिससे समय पर ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों में भारी नाराजगी व्याप्त है.
सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि यदि यह सब कुछ क्षेत्रीय चिकित्सा अधिकारी की जानकारी में हो रहा है तो अब तक किसी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई क्यों नहीं की गई? क्या अस्पताल में नियम सिर्फ कुछ कर्मचारियों के लिए ही लागू हैं और कुछ लोगों को विशेष संरक्षण प्राप्त है? इन सवालों के जवाब अस्पताल प्रबंधन के पास नहीं दिखाई दे रहे हैं.
कर्मचारियों का कहना है कि सरकारी एवं सार्वजनिक उपक्रमों में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए नियम समान होने चाहिए. यदि कुछ लोगों को मनमानी की खुली छूट दी जाती है तो इससे अनुशासित कर्मचारियों का मनोबल टूटता है और कार्य संस्कृति पर भी विपरीत प्रभाव पड़ता है.
सूत्रों के अनुसार इस पूरे मामले को लेकर कुछ कर्मचारियों द्वारा संबंधित विभाग एवं वेकोली मुख्यालय को गोपनीय शिकायत भेजे जाने की चर्चा भी है शिकायत में अस्पताल के बायोमेट्रिक अटेंडेंस रिकॉर्ड, ड्यूटी रोस्टर, सीसीटीवी फुटेज तथा वेतन भुगतान (पे-रोल) की स्वतंत्र जांच कराने की मांग किए जाने की जानकारी सामने आ रही है.
कर्मचारियो की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर यह स्पष्ट किया जाए कि कौन-कौन अधिकारी एवं कर्मचारी नियमित रूप से निर्धारित समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहते हैं और किन लोगों को नियमों से परे जाकर विशेष छूट दी जा रही है यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई कर व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए.






0 Comments