चंद्रपुर में देसी पिस्टल व 5 जिंदा कारतूस के साथ शातिर अपराधी गिरफ्तार
◾एलसीबी की बड़ी कार्रवाई, 37,500 रुपये का हथियार व सामान जब्त
चंद्रपुर ( Rajya Reporter News ) : चंद्रपुर जिला पुलिस की स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) ने अवैध हथियार रखने वाले अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर अपराधी को देसी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से कुल 37,500 रुपये का मुद्देमाल बरामद किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को एलसीबी की टीम रामनगर थाना क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन के पास मुन्ना कैंटीन के समीप एक युवक अवैध हथियार लेकर लोगों में दहशत फैला रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारकर संदिग्ध को हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी की कमर से एक देसी लोहे की पिस्टल तथा उसकी पैंट की जेब से पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए। साथ ही उसके पास से एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिलशान काजी सादिक काजी उर्फ धीरज मोहन दयाल (30 वर्ष), निवासी सपना टॉकीज के पास, जलनगर वार्ड, चंद्रपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रामनगर पुलिस थाना में अपराध क्रमांक 908/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 3 व 25 के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकड़े के मार्गदर्शन तथा स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक अमोल काचोरे के नेतृत्व में सपोनि योगेश हिवसे,पोउपनि विनोद भुरले, पोउपनि सुनील गौरकर, सुभाष गोहकर,शतीश अवथरे, रजनीकांत पुठ्ठावार,दीपक डोंगरे , इमरान खान,शरद कुडे,हिरालाल गुप्ता, किशोर वाकाटे व शशांक बदामवार सहित एलसीबी की टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दी।






0 Comments