बल्लारपुर शहर के पेपरमिल न्यू कॉलोनी में युवक पर हमला
◾तीन के खिलाफ मामला दर्ज; आरोपी फरार
बल्लारपुर ( Rajya Reporter News ) : पुराने विवाद को लेकर बल्लारपुर की पेपरमिल न्यू कॉलोनी स्थित चक्की ग्राउंड परिसर में एक युवक पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में बीच-बचाव करने पहुंचे उसके मित्र को भी चाबी से हमला कर घायल कर दिया गया। इस मामले में बल्लारपुर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शिवनगर वार्ड निवासी अयान इकबाल शेख (20) का करीब एक सप्ताह पहले आरोपी सुफियान शेख के साथ किसी मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते रविवार (2 अगस्त) की रात करीब 8 बजे सुफियान शेख ने अयान को फोन कर पेपरमिल न्यू कॉलोनी स्थित चक्की ग्राउंड में बुलाया।
अयान अपने मित्र शाहिद खान के साथ मौके पर पहुंचा, जहां पहले से सुफियान शेख, राहुल उर्फ काल्या और प्रणय कुक्का मौजूद थे। शिकायत के अनुसार, तीनों आरोपियों ने अयान के साथ गाली-गलौज करते हुए विवाद शुरू कर दिया। इसी दौरान सुफियान शेख ने अयान के गाल पर थप्पड़ मारते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी।
विवाद बढ़ने पर बीच-बचाव करने पहुंचे शाहिद खान पर आरोपी प्रणय कुक्का ने हाथ में मौजूद चाबी से हमला कर दिया, जिससे उसके होंठ पर गंभीर चोट आई। इसके बाद अयान ने अपने अन्य दोस्तों को मदद के लिए बुलाया, लेकिन उनकी सूचना मिलते ही तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद अयान शेख ने घायल मित्र के साथ बल्लारपुर पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने सुफियान शेख, राहुल उर्फ काल्या और प्रणय कुक्का के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 296, 3(5), 351(2) एवं 352 के तहत मामला दर्ज किया है।
बल्लारपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा फरार आरोपियों की तलाश जारी है।







0 Comments