24 जुलाई को चंद्रपुर में निकलेगी ‘तिरंगा जन आक्रोश बाइक रैली’




24 जुलाई को चंद्रपुर में निकलेगी ‘तिरंगा जन आक्रोश बाइक रैली’

◾परीक्षा पेपर लीक के विरोध में आंदोलन कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के खिलाफ महाविकास आघाड़ी सहित विभिन्न संगठनों का आंदोलन


चंद्रपुर, (राज्य रिपोर्टर न्यूज) : दिल्ली के जंतर-मंतर पर परीक्षा पेपर लीक के विरोध में आंदोलन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में महाविकास आघाड़ी के सहयोगी दलों, आम आदमी पार्टी, संभाजी ब्रिगेड तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से 24 जुलाई को चंद्रपुर शहर में ‘तिरंगा जन आक्रोश बाइक रैली’ का आयोजन किया जाएगा। इसकी जानकारी रैली के आयोजकों ने आयोजित पत्रकार परिषद में दी।

पत्रकार परिषद में आयोजकों ने बताया कि दिल्ली में परीक्षा पेपर लीक के विरोध में आंदोलन कर रहे छात्र केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। इसी आंदोलन के समर्थन में चंद्रपुर में यह बाइक रैली आयोजित की जा रही है। रैली के माध्यम से छात्रों पर की गई कथित पुलिस कार्रवाई का विरोध दर्ज कराने, छात्रों के अधिकारों की रक्षा की मांग उठाने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के समर्थन में जनमत तैयार करने का प्रयास किया जाएगा।

आयोजकों ने बताया कि रैली के माध्यम से केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई जाएगी। साथ ही आंदोलनकारी छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच कराने, घटना की नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री एवं प्रधानमंत्री के इस्तीफे की मांग तथा आंदोलन में शामिल छात्रों के खिलाफ दर्ज किए गए मामलों को वापस लेने की मांग भी की जाएगी।

रैली में जिले के विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के पदाधिकारियों, युवाओं, महिलाओं तथा आम नागरिकों से बड़ी संख्या में शामिल होने का आह्वान आयोजकों द्वारा किया गया है।

इस अवसर पर आयोजित पत्रकार परिषद में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) गुट के जिलाप्रमुख संदीप गिर्हे, कांग्रेस शहर अध्यक्ष शिवा राव, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के जिलाध्यक्ष राजेंद्र वैद्य, आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष मयूर रायकवार, सुनील मूसले, संभाजी ब्रिगेड के दिलीप चौधरी, पार्षद राहुल घोटेकर, सतीश भिवगड़े, बेबी उइके सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित थे।




Post a Comment

0 Comments