हॉस्पिटल चालू, कैंटीन बंद; कर्मचारियों की छुट्टी से ठप हुई सेवा
◾मरीजों और परिजनों को हुई परेशानी
चंद्रपुर,( राज्य रिपोर्टर न्यूज ) : चंद्रपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय चिकित्सालय से जुड़े नए-नए मामले लगातार सामने आ रहे हैं बावजूद क्षेत्रीय महाप्रबंधक स्तर पर अब तक किसी ठोस कार्रवाई के संकेत दिखाई नहीं दे रहे हैं इसी बीच अस्पताल परिसर स्थित कैंटीन को लेकर एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है जिसने अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
गौरतलब है कि चिकित्सालय परिसर स्थित कैंटीन में कथित अनियमितताओं को लेकर राज्य रिपोर्टर न्यूज़ द्वारा पिछले कुछ दिनों से लगातार समाचार प्रकाशित किए जा रहे हैं इन खबरों में अस्पताल और कैंटीन से जुड़े कई गंभीर मुद्दों को उजागर किया गया है हालांकि इन मामलों में प्रबंधन का पक्ष जानने के लिए संपर्क किए जाने के बावजूद अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
इसी क्रम में कैंटीन संचालन से जुड़ा एक नया मामला सामने आया है जानकारी के अनुसार 11 जून को अस्पताल की नियमित सेवाएं जारी थीं लेकिन कैंटीन बंद रही. सूत्रों के मुताबिक कैंटीन में कार्यरत कर्मचारी अवकाश पर थे जिसके कारण कैंटीन का संचालन नहीं हो सका.
अब सवाल यह उठ रहा है कि यदि कैंटीन कर्मचारी अवकाश पर थे तो क्या अस्पताल प्रबंधन के पास कोई वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध नहीं थी? अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के लिए कैंटीन एक आवश्यक सुविधा मानी जाती है ऐसे में कैंटीन बंद रहने से लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ा.
आज अस्पताल परिसर में दबी आवाज में यह चर्चा भी रही कि हाल के दिनों में कैंटीन से संबंधित लगातार प्रकाशित हो रही खबरों के बाद अस्पताल प्रशासन में हलचल मची हुई है और इसी कारण कैंटीन बंद रखी गई, हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है.
वहीं कुछ लोगों के बीच यह सवाल भी चर्चा में है कि कहीं अस्पताल में चल रही कथित अनियमितताओं को दबाने के उद्देश्य से तो कैंटीन बंद नहीं रखी गई? फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है.
राज्य रिपोर्टर न्यूज़ द्वारा सूत्रों के आधार पर प्रकाशित किए गए खबरों में अब तक प्रबंधन की ओर से कोई अधिकृत प्रतिक्रिया नहीं मिली है प्रबंधन का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा.
अस्पताल और कैंटीन संचालन से जुड़ी कुछ और महत्वपूर्ण जानकारियां हमारी अगली खबर में प्रकाशित किया जाएगा.






0 Comments