बिना खदान उतरे सालों से उठा रहा अंडरग्राउंड भत्ता! चंद्रपुर क्षेत्र में अधिकारी–संगठन गठजोड़ का खेल उजागर
चंद्रपुर,( राज्य रिपोर्टर न्यूज ) : चंद्रपुर क्षेत्र में अधिकारी और संगठन पदाधिकारियों की कथित मिलीभगत का एक और बड़ा मामला सामने आया है क्षेत्र में पहले से ही भ्रष्टाचार, अनियमितता और नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाने के आरोप लगते रहे हैं लेकिन अब रैयतवारी उपक्षेत्र से सामने आया यह नया मामला पूरे प्रबंधन तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार रैयतवारी उपक्षेत्र अंतर्गत कार्यरत एक कर्मचारी पिछले कई वर्षों से बिना अंडरग्राउंड ड्यूटी किए ही लगातार अंडरग्राउंड अलाउंस का भुगतान ले रहा है सबसे चौंकाने वाली बात यह बताई जा रही है कि संबंधित कर्मचारी एक बड़े संगठन का वरिष्ठ पदाधिकारी है जिसके कारण उक्त कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई करने की हिम्मत स्थानीय प्रबंधन नहीं जुटा पा रहा है.
सूत्रों का दावा है कि उक्त कर्मचारी वर्षों से भूमिगत खदान में उतरे बिना ही अंडरग्राउंड भत्ता उठा रहा है जिससे कंपनी को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हो रहा है वहीं दूसरी ओर वास्तविक रूप से कठिन परिस्थितियों में कार्य करने वाले कर्मचारियों का मनोबल लगातार टूटता जा रहा है।कर्मचारियों के बीच यह चर्चा जोरों पर है कि यदि संगठन से जुड़े पदाधिकारियों को ही विशेष संरक्षण मिलेगा तो ईमानदारी से कार्य करने वालों का क्या भविष्य होगा ?.
राज्य रिपोर्टर न्यूज़ इससे पहले भी ऐसे कई मामलों का खुलासा कर चुका है जिनमें कुछ कर्मचारी केवल हाजिरी लगाकर कार्यस्थल से गायब रहते हुए वेतन और अन्य सुविधाओं का लाभ लेते पाए गए थे , बावजूद चंद्रपुर क्षेत्रीय प्रबंधन द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है.
अब स्थिति यह बन चुकी है कि कर्मचारियों का एक वर्ग स्वयं आगे आकर राज्य रिपोर्टर न्यूज़ को ऐसे कर्मचारियों के नाम, दस्तावेज और प्रमाण उपलब्ध करा रहा है जो बिना पूर्ण ड्यूटी किए हर माह मोटी तनख्वाह और अन्य सुविधाए ले रहे हैं सूत्रों के अनुसार ऐसे अधिकांश मामलों में विभिन्न संगठनों से जुड़े पदाधिकारियों के नाम सामने आ रहे हैं.
हालांकि कुछ मामलों में कार्रवाई होने की चर्चा जरूर हुई लेकिन उन कार्रवाइयों का अंतिम परिणाम क्या निकला इसकी कोई जानकारी आज तक सार्वजनिक नहीं की गई जिससे यह संदेह और गहरा हो गया है कि कहीं पूरे मामले को दबाने का प्रयास तो नहीं किया जा रहा.
कर्मचारियों का कहना है कि वर्षों से चंद्रपुर क्षेत्र में चल रहे इस कथित भ्रष्ट गठजोड़ की जानकारी उच्च अधिकारियों तक पहुंचती रही लेकिन बिचौलिया तंत्र और प्रभावशाली पदाधिकारियों के दबाव में मामलों को नजरअंदाज किया जाता रहा जिससे अब वेकोली के नए सीएमडी से कर्मचारियों को उम्मीद है कि वे चंद्रपुर क्षेत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार, फर्जी भुगतान और संरक्षण की राजनीति पर सख्त अंकुश लगाएंगे तथा दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे.






0 Comments