बल्लारपुर-राजुरा राष्ट्रीय राजमार्ग की बदहाली पर NHAI को शिवसेना ( शिंदे ) शहरप्रमुख द्वारा ज्ञापन

 







बल्लारपुर-राजुरा राष्ट्रीय राजमार्ग की बदहाली पर NHAI को शिवसेना ( शिंदे ) शहरप्रमुख  द्वारा ज्ञापन 

◾गड्ढे, धूल और सड़क पर फैली निर्माण सामग्री से नागरिक परेशान; 7 दिन में सुधार नहीं तो आंदोलन की चेतावनी

बल्लारपूर,( राज्य रिपोर्टर न्यूज ) : बल्लारपूर-राजुरा राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण कार्य के दौरान स्थानीय नागरिकों को हो रही विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के परियोजना निदेशक  को शिवसेना ( शिंदे )  बल्लारपूर शहरप्रमुख श्रेयांश संजय ठाकूर व शिवसेना राजुरा शहरप्रमुख अभयसिंह ठाकूर इन्होंने नागरिकों के गंभीर समस्याओं को लेकर  ज्ञापन दिया।

 ज्ञापन सौंपकर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।

ज्ञापन में कहा गया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण कार्य के दौरान अनेक स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है तथा जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं। इसके अलावा निर्माण सामग्री एवं गिट्टी सड़क पर फैली रहने से वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण कार्य के चलते उड़ने वाली धूल से भी नागरिकों को काफी परेशानी हो रही है।

इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों नागरिक, विद्यार्थी, कर्मचारी एवं व्यापारी आवागमन करते हैं। ऐसे में सड़क की वर्तमान स्थिति को देखते हुए उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की गई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि निर्माण एजेंसी द्वारा नियमित पानी का छिड़काव, आवश्यक चेतावनी संकेतक तथा पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराए जाने की आवश्यकता है।

ज्ञापन के माध्यम से NHAI से मांग की गई है कि क्षतिग्रस्त सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए, सड़क पर फैली गिट्टी एवं निर्माण सामग्री हटाई जाए तथा धूल नियंत्रण के लिए नियमित पानी का छिड़काव किया जाए। इसके साथ ही दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक चेतावनी संकेतक एवं सुरक्षा व्यवस्था स्थापित कर नागरिकों के लिए सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया जाए।

ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि आगामी 7 दिनों के भीतर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो स्थानीय नागरिकों के हित में लोकतांत्रिक एवं वैधानिक माध्यमों से जनआंदोलन एवं विरोध किया जाएगा। ज्ञापन में कहा गया है कि ऐसी स्थिति में संबंधित एजेंसी एवं विभाग की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

नागरिकों ने जनहित और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए NHAI प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेकर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।



Post a Comment

0 Comments