कामगार संगठन के दबाव में क्षेत्रीय मानव संसाधन प्रबंधक!

 







कामगार संगठन के दबाव में क्षेत्रीय मानव संसाधन प्रबंधक!

◾अपने ही आदेश को दिखा रहे ठेंगा, बिना बायोमेट्रिक जांच के वेतन प्रक्रिया की तैयारी का आरोप

चंद्रपुर,( राज्य रिपोर्टर न्यूज ) : चंद्रपुर क्षेत्र में कामगार संगठनों के सदस्य सत्यापन के दौरान बायोमेट्रिक उपस्थिति को लेकर उठे सवाल अब प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर रहे हैं, आरोप है कि क्षेत्रीय मानव संसाधन प्रबंधक द्वारा 31 अगस्त 2026 को जारी निर्देशों के बावजूद संबंधित कर्मचारियों की IN-OUT बायोमेट्रिक उपस्थिति की समुचित जांच किए बिना ही वेतन तैयार करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है.

उल्लेखनीय है कि सदस्य सत्यापन के दौरान विभिन्न कामगार संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और कमिटी मेंबर संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय थे. इस दौरान कुछ कर्मचारियों द्वारा निर्धारित बायोमेट्रिक प्रक्रिया का पालन नहीं करने की शिकायतें सामने आई थीं. प्रबंधन के अपने आदेश में IN और OUT दोनों उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य बताया गया था तथा इसके अभाव में वेतन तैयार नहीं करने के निर्देश दिए गए थे. 

ऐसे में सवाल उठता है कि जब आदेश स्वयं HR विभाग ने जारी किया था, तो अब उसी आदेश की अनदेखी क्यों? क्या कामगार संगठन के दबाव में नियमों को दरकिनार किया जा रहा है? यदि बिना बायोमेट्रिक अटेंडेंस जांच के वेतन जारी होता है तो हाजिरी लगाकर कार्यस्थल से नदारद रहने वालों का मनोबल बढ़ना तय माना जाएगा जबकि आठ घंटे ड्यूटी करने वाले कामगारों में नाराजगी निर्माण होना स्वाभाविक है.

इस मामले में क्षेत्रीय मानव संसाधन प्रबंधक से प्रबंधन की भूमिका और वेतन प्रक्रिया को लेकर प्रतिक्रिया जानने के लिए फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया. 

जिससे अब चर्चा है कि क्या बायोमेट्रिक अटेंडेंस नियम केवल कागजों तक सीमित हैं या प्रबंधन वास्तव में अपने ही आदेश को लागू करेगा?



Post a Comment

0 Comments