कोयला पेंशनर्स की समस्याओं को लेकर केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी से मिला प्रतिनिधिमंडल
◾पेंशन भुगतान में हो रही देरी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया; समय पर पेंशन जमा करने सहित विभिन्न मांगों पर सौंपा ज्ञापन
हैदराबाद, (राज्य रिपोर्टर न्यूज) : अखिल भारतीय कोयला पेंशनर्स महासंघ (भारतीय मजदूर संघ से संलग्न) के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार, 9 अगस्त 2026 को हैदराबाद में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री श्री. जी. किशन रेड्डी से मुलाकात कर कोयला पेंशनर्स की विभिन्न ज्वलंत एवं लंबित समस्याओं को लेकर निवेदन प्रस्तुत किया।
महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री. पुली राजा रेड्डी, महामंत्री श्री. रमेश राजम बल्लेवार एवं कार्याध्यक्ष श्री. आर.एस. सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री को महासंघ के अधिवेशन में सर्वसम्मति से पारित विभिन्न महत्वपूर्ण प्रस्तावों की प्रति सौंपी।
पेंशन में देरी से हजारों पेंशनर्स परेशान
प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से कोयला पेंशनर्स की पेंशन समय पर जमा नहीं होने की गंभीर समस्या को केंद्रीय मंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा। महासंघ ने बताया कि पेंशन भुगतान में देरी के कारण हजारों सेवानिवृत्त कोयला कामगारों तथा उनके परिवारों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
महासंघ ने मांग की कि पेंशन भुगतान व्यवस्था में आवश्यक सुधार करते हुए प्रत्येक माह निर्धारित समय पर पेंशन की राशि पेंशनर्स के खातों में जमा होना सुनिश्चित किया जाए।
लंबित मांगों के निराकरण के लिए हस्तक्षेप की मांग
इसके अलावा महासंघ के अधिवेशन में पारित विभिन्न प्रस्तावों तथा कोयला पेंशनर्स की अन्य लंबित समस्याओं के निराकरण के लिए भी केंद्रीय मंत्री से आवश्यक हस्तक्षेप करते हुए शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि सेवानिवृत्त कोयला कामगारों ने अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा देश के ऊर्जा क्षेत्र को समर्पित किया है। ऐसे में उनके पेंशन संबंधी अधिकारों और समस्याओं का समयबद्ध तरीके से निराकरण किया जाना आवश्यक है।
मंत्री ने दिया उचित कार्रवाई का आश्वासन
केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने प्रतिनिधिमंडल की ओर से रखी गई समस्याओं एवं मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित विषयों पर उचित कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर अखिल भारतीय कोयला पेंशनर्स महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पुली राजा रेड्डी, महामंत्री रमेश राजम बल्लेवार एवं कार्याध्यक्ष आर.एस. सिंह सहित महासंघ के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।







0 Comments