चंद्रपुर-मूल मार्ग पर वलनी के पास ट्रक की कार से भीषण टक्कर, महिला पुलिसकर्मी की मौके पर मौत





चंद्रपुर-मूल मार्ग पर वलनी के पास ट्रक की कार से भीषण टक्कर, महिला पुलिसकर्मी की मौके पर मौत

चंद्रपुर,( राज्य रिपोर्टर न्यूज ) : चंद्रपुर-मूल मार्ग पर वलनी के समीप सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला पुलिस अंमलदार विशाखा बनसोड (32) की मौके पर ही मौत हो गई। विशाखा बनसोड तळोधी (बा.) पुलिस थाने में कार्यरत थीं और पुलिस मुख्यालय में आयोजित रिफ्रेशर क्लास में शामिल होने के लिए चंद्रपुर जा रही थीं।

जानकारी के अनुसार, विशाखा बनसोड अपनी मारुति स्विफ्ट कार क्रमांक एमएच 34 बीआर 2568 से चंद्रपुर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान वलनी के पास सामने से आ रहे ट्रक क्रमांक सीजी 04 पीजे 9615 ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में विशाखा बनसोड को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही रामनगर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला सामान्य अस्पताल, चंद्रपुर भेज दिया।

पुलिस विभाग में शोक की लहर विशाखा बनसोड के आकस्मिक निधन की खबर से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। सहकर्मी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। विशाखा बनसोड अपने पीछे पति और तीन वर्षीय बेटी सहित भरापूरा परिवार छोड़ गई हैं। इस दर्दनाक हादसे से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

रामनगर पुलिस ने हादसे का मामला दर्ज कर लिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा आगे की कार्रवाई जारी है।



Post a Comment

0 Comments