ऑनलाइन ट्रांजैक्शन ने खोली कथित वसूली की पोल
◾ठेकेदारों के लंबित बिल पास कराने के नाम पर वसूली का आरोप
चंद्रपुर,( Rajya Reporter News ) : उपक्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय में ठेकेदारों के लंबित बिल पास कराने के नाम पर कथित तौर पर चल रहे वसूली के खेल ने अब नया मोड़ ले लिया है इस मामले में ऑनलाइन भुगतान के स्क्रीनशॉट सामने आने के बाद पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग हो रही है.
सूत्रों के अनुसार कार्यालय में कार्यरत एक कर्मचारी पर आरोप है कि वह ठेकेदार के लंबित बिल संबंधित अधिकारी से पास कराने के एवज में हर माह निर्धारित प्रतिशत के हिसाब से रकम वसूलता है बताया जा रहा है कि संबंधित ठेकेदार के पास नकद राशि उपलब्ध नहीं होने पर उक्त कर्मचारी ऑनलाइन भुगतान भी स्वीकार करता था. अब यह कथित ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के स्क्रीनशार्ट सामने आने से यह मामला चर्चाओं के केंद्र में आ गया है.
चर्चा है कि यदि कथित वसूली डिजिटल माध्यम से की जा रही थी तो क्या यह मामला केवल एक कर्मचारी तक सीमित है या फिर इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि ठेकेदारों से वसूली गई कथित रकम आखिर किन-किन अधिकारियों तक पहुंचती थी. यदि जांच एजेंसियां संबंधित कर्मचारी के बैंक खातों, यूपीआई ट्रांजैक्शन और लंबित बिलों के भुगतान की प्रक्रिया की जांच करें तो यह स्पष्ट हो सकता है कि कथित रूप से वसूली गई राशि किस-किस तक पहुंची और इस पूरे मामले में कौन-कौन लोग शामिल थे.
अब ठेकेदारों और कर्मचारियों के बीच यह मांग हो रही है कि इस मामले की जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाए ताकि यदि भ्रष्टाचार का कोई संगठित तंत्र सक्रिय है तो उसका पर्दाफाश हो सके और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जा सके.







0 Comments