चंद्रपुर – नागपुर राष्ट्रीय महामार्ग के भद्रावती में एसटी बस की दोपहिया को जोरदार टक्कर, 17 वर्षीय युवक की मौके पर मौत
चंद्रपुर, (राज्य रिपोर्टर न्यूज) : चंद्रपुर–नागपुर राष्ट्रीय महामार्ग क्रमांक NH-930 पर ऊर्जाग्राम गेट के सामने एसटी बस और दोपहिया के बीच हुई भीषण टक्कर में 17 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दो अन्य युवक मामूली रूप से घायल हुए हैं। यह दुर्घटना भद्रावती पुलिस थाना क्षेत्र में हुई।
मृतक की पहचान बादल सुनील भोयर (17), निवासी गोरजा, तहसील भद्रावती, जिला चंद्रपुर के रूप में हुई है। वहीं दोपहिया चालक साहिल मोरेश्वर गोरे (21), निवासी चीरादेवी तथा तनुज सुभाष ढवस (18), निवासी घोट निंबाळा घायल हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों युवक दोपहिया क्रमांक MH-34-CF-8510 से यात्रा कर रहे थे। ऊर्जाग्राम कॉलोनी से दोपहिया द्वारा NH-930 महामार्ग पर प्रवेश करते समय एसटी बस क्रमांक MH-14-MH-5322 ने दोपहिया को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे बैठे बादल भोयर सड़क पर जा गिरे और एसटी बस के पहिए के नीचे आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
दोपहिया चालक साहिल गोरे और तनुज ढवस डिवाइडर पर जा गिरे, जिससे उन्हें मामूली चोटें आईं। मृतक बादल भोयर को आगे की कार्रवाई के लिए निजी टाटा एस वाहन से शासकीय अस्पताल, भद्रावती भेजा गया।
हादसे की सूचना मिलते ही भद्रावती पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी सचिन खेत्रे, API धोंगडे, ASI नायडू, HC नितेश, PC कसारे, HC गंदेवार, PC धीरज तथा भूषण घटनास्थल पर पहुंचे और दुर्घटना का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क के किनारे हटवाकर महामार्ग पर यातायात सुचारु कराया।
इस मामले में भद्रावती पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।







0 Comments