मामला उजागर होने के बाद अस्पताल में मचा हड़कंप, बैकडेट आवेदन से प्रकरण को दबाने का प्रयास !
चंद्रपुर,( Rajya Reporter News ) : चंद्रपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय चिकित्सालय की कार्यप्रणाली फिर एक बार सवालों के घेरे में आ गई है अस्पताल में भर्ती मरीज ( कर्मचारी ) बिना किसी औपचारिक सूचना के अस्पताल छोड़कर चले जाने और करीब 40 घंटे तक अस्पताल प्रशासन के अनजान बने रहने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी प्रणाली और प्रशासनिक जवाबदेही पर कई गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं.
मामला उस समय और अधिक गंभीर हो गया जब राज्य रिपोर्टर न्यूज़ ने इस प्रकरण का खुलासा किया, इसके बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मचने की चर्चा शुरू हो गई. आरोप है कि इस मामले की जांच कराने के बजाय उसे दबाने और रिकॉर्ड को सामान्य दिखाने की कोशिश की गई.
सूत्रों के अनुसार संबंधित कर्मचारी के अस्पताल लौटने के बाद उससे बैकडेट में अपनी इच्छा से अस्पताल छोड़कर जाने का लिखित आवेदन लिया गया. आरोप है कि इस बैकडेट आवेदन के माध्यम से पूरे घटनाक्रम को रिकॉर्ड में सामान्य दर्शाने का प्रयास किया गया, ताकि अस्पताल प्रशासन की लापरवाही पर पर्दा डाला जा सके.
हालांकि राज्य रिपोर्टर न्यूज़ के पास उपलब्ध साक्ष्य इस पूरे घटनाक्रम पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं यदि जांच में यह सामने आता है कि घटना के बाद रिकॉर्ड में बैकडेट प्रविष्टियां कर मामले को दबाने या तथ्यों को बदलने का प्रयास किया गया तो यह केवल प्रशासनिक लापरवाही का मामला नहीं रहेगा बल्कि अभिलेखों से छेड़छाड़ जैसे गंभीर पहलुओं की भी जांच का विषय बन सकता है.
अस्पताल में भर्ती प्रत्येक मरीज की सुरक्षा और निगरानी की संपूर्ण जिम्मेदारी अस्पताल प्रशासन की होती है ऐसे में किसी भर्ती मरीज का बिना सूचना अस्पताल से चले जाना लगभग 40 घंटे तक प्रशासन का बेखबर रहना, और उसके बाद मामले को दबाने की चर्चाओं ने क्षेत्रीय चिकित्सालय की कार्यप्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था तथा जवाबदेही पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं.
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होगी या फिर बैकडेट दस्तावेजों के सहारे इस प्रकरण को भी फाइलों में दफन करने का प्रयास किया जाएगा? क्षेत्र में इस मामले की उच्चस्तरीय जांच और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय किए जाने की मांग हो रही है.









0 Comments