जनरल असिस्टेंट चला रहा एक्स-रे विभाग !

 



जनरल असिस्टेंट चला रहा एक्स-रे विभाग ! 

◾मरीजों की सुरक्षा पर मंडराया खतरा 

 चंद्रपुर,( राज्य रिपोर्टर न्यूज ) : वेकोली चंद्रपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय चिकित्सालय से जुड़ा एक और गंभीर मामला सामने आया है जिसने अस्पताल की कार्यप्रणाली और मरीजों की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं प्राप्त जानकारी के अनुसार अस्पताल में कार्यरत एक कर्मचारी जिसे हाल ही में जनरल मजदूर से जनरल असिस्टेंट का दर्जा दिया गया है उससे एक्स-रे टेक्निशियन जैसे अत्यंत संवेदनशील कार्य कराए जा रहे हैं.

गौरतलब है कि एक्स-रे टेक्निशियन का पद किसी भी अस्पताल में तकनीकी दक्षता, प्रशिक्षण और अनुभव से जुड़ा महत्वपूर्ण पद माना जाता है चिकित्सा क्षेत्र के विशेषज्ञों के अनुसार इस कार्य के लिए मान्यता प्राप्त एवं प्रशिक्षित तकनीशियन की नियुक्ति आवश्यक होती है इसके बावजूद क्षेत्रीय चिकित्सालय में एक गैर-तकनीकी कर्मचारी को यह जिम्मेदारी सौंपे जाने से मरीजों और उनके परिजनों में भारी नाराजगी देखी जा रही है.

बताया जाता है कि चंद्रपुर क्षेत्र के हजारों कार्यरत कर्मचारी, सेवानिवृत्त कर्मचारी तथा उनके आश्रित इलाज के लिए इस अस्पताल पर निर्भर हैं ऐसे में यदि एक्स-रे जैसी महत्वपूर्ण जांच प्रशिक्षित तकनीशियन के बजाय किसी अन्य कर्मचारी द्वारा की जा रही है तो जांच रिपोर्ट की विश्वसनीयता पर भी प्रश्नचिह्न लगना स्वाभाविक है गलत एक्स-रे अथवा त्रुटिपूर्ण रिपोर्ट के कारण मरीजों के उपचार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है जिससे उनके स्वास्थ्य और जीवन तक को खतरा होने की आशंका व्यक्त की जा रही है.

कर्मचारियों के बीच अब यह चर्चा हो रही है कि आखिर यह अस्पताल मरीजों का उपचार करने के लिए संचालित किया जा रहा है या फिर उनकी जान से खिलवाड़ करने का केंद्र बनता जा रहा है जिम्मेदार अधिकारियों की इस कथित लापरवाही को लेकर लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है.

मरीजों और कर्मचारी संगठनों ने इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है साथ ही अस्पताल में तकनीकी पदों पर योग्य और प्रशिक्षित कर्मचारियों की तत्काल नियुक्ति सुनिश्चित करने की भी मांग हो रही है.

इस संदर्भ में प्रबंधन का पक्ष जानने के लिए क्षेत्रीय चिकित्सा अधिकारी से संपर्क करने पर संपर्क नही हो पाया, उनकी प्रतिक्रिया प्राप्त होती ही प्रकाशित किया जाएगा.

क्षेत्रीय चिकित्सालय से जुड़े कुछ और चौंकाने वाले खुलासे  सामने आ रहे हैं जिनका विवरण हमारी आगामी खबर में प्रकाशित किया जाएगा.




Post a Comment

0 Comments