ट्रेन की टक्कर में तेंदुए की मौत, चनाखा वनक्षेत्र की घटना
चंद्रपूर,( राज्य रिपोर्टर न्यूज ) : चंद्रपूर जिले के राजुरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत चनाखा वनक्षेत्र से गुजरने वाला बल्लारशाह काजीपेठ दक्षिण मध्य रेलवे ट्रैक एक बार फिर वन्यजीवों के लिए घातक साबित हुआ शनिवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे एक तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से डेढ़ वर्षीय मादा तेंदुए की दर्दनाक मौत हो गई.
यह घटना विहिरगांव उपवनक्षेत्र के चनाखा संरक्षित वन क्षेत्र के कक्ष क्रमांक 160 में घटी, जहां से रेलवे लाइन होकर गुजरती है यह क्षेत्र वन्यजीवों की नियमित आवाजाही के लिए जाना जाता है बावजूद इसके यहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं इसी कारण यह ट्रैक बार-बार वन्यजीवों के लिए ‘मौत का जाल’ बनता जा रहा है.
हादसे की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची वन परिक्षेत्र अधिकारी गजानन इंगले, अन्य कर्मचारी और पशु चिकित्सक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया मृत तेंदुए का पंचनामा किया गया जबकि पशु चिकित्सक डॉ. एन. पी. तेलंग द्वारा पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई.
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी इसी ट्रैक पर बाघ, तेंदुआ, भालू और चीतल जैसे कई वन्यजीवों की मौत हो चुकी है लगातार हो रही ऐसी घटनाएं वन्यजीवों की सुरक्षा और उनके अस्तित्व पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़े कर रही हैं.
स्थानीय नागरिकों और पर्यावरण प्रेमियों ने रेलवे प्रशासन और वन विभाग के बीच समन्वय स्थापित कर त्वरित और प्रभावी सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की है. ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.








0 Comments