नागभीड़ तहसील में बाघ का आतंक , किसान की जान गई, गांव में दहशत

  




नागभीड़ तहसील में बाघ का आतंक , किसान की जान गई, गांव में दहशत

चंद्रपुर,( राज्य रिपोर्टर न्यूज ) : चंद्रपूर जिले के नागभीड़ तहसील के मिंथुर गांव में बाघ के हमले में एक किसान की दर्दनाक मौत होने की घटना रविवार सुबह सामने आई, मृतक की पहचान 58 वर्षीय हरिदास महादेव कुबडे के रूप में हुई है जिनका शव खेत में क्षत-विक्षत हालत में बिखरा हुआ मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. 

प्राप्त जानकारी के अनुसार कुबडे शनिवार 4 अप्रैल की सुबह महुआ फूल चुनने के लिए अपने खेत गए थे लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटे चिंतित परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की इसी दौरान शाम करीब 6 बजे उनका भतीजा अक्षय खेत की ओर गया जहां उसे बाघ, बाघिन और तीन शावक दिखाई दिए यह नजारा देखकर वह घबरा गया और तुरंत गांव लौटकर घटना की जानकारी दी. 

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस को सूचित किया गया , संबंधित टीम रात में मौके पर पहुंची और देर रात तक तलाश अभियान चलाया, लेकिन अंधेरा होने के कारण कुछ भी हाथ नहीं लग सका रविवार सुबह दोबारा तलाश अभियान चलाने पर कुबडे के अवशेष खेत में क्षत-विक्षत अवस्था में मिले प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ कि उनकी मौत बाघ के हमले में हुई है. 

स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से इस परिसर में बाघ, बाघिन और उनके तीन शावकों की मौजूदगी देखी जा रही है जिससे गांव में भय का माहौल बना हुआ है घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई है और लोग खेतों में जाने से डर रहे हैं. वन विभाग ने मृतदेह को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है साथ ही वन विभाग की टीम क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके.




Post a Comment

0 Comments