महिलाओं के सम्मान में बल्लारपुर क्षेत्र की यंत्रणा मैदान में ?
◾एम्बुलेंस समेत 18 वाहनों का काफिला, सार्वजनिक सड़क रोककर दी गई ताफे को राह
बल्लारपूर,( Rajya Reporter News ) : महिलाओं के नाम पर बल्लारपुर क्षेत्र के मनोरंजन केंद्र में संपन्न निजी स्वरूप के कार्यक्रम को लेकर अब वेकोली की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं कार्यक्रम भले ही महिलाओं के सम्मान और मनोरंजन से जुड़ा बताया जा रहा हो, लेकिन इसकी तैयारियों से लेकर आयोजन तक वेकोली के अधिकारियों की सक्रियता और कंपनी के संसाधनों के इस्तेमाल ने पूरे मामले को चर्चा में ला दिया है.
जानकारी के अनुसार कार्यक्रम के दौरान सास्ती मार्ग पर अचानक करीब 18 वाहनों का काफिला जिसमें सुसज्जित एम्बुलेंस भी शामिल थी, गुजरता दिखाई दिया. काफिले की आवाजाही के दौरान दर्जनों वेकोली के सुरक्षा रक्षकों तथा एमएसएफ जवानों का भारी बंदोबस्त भी नजर आया, इतना ही नहीं तो कार्यक्रम में पहुंचने वाली महिलाओं के वाहनों के काफिले को रास्ता देने के लिए सार्वजनिक सड़क पर यातायात रोककर व्यवस्था की गई इससे आम नागरिकों में भी आश्चर्य और सवाल निर्माण हुए.
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि आयोजन निजी स्वरूप का था तो वेकोली के अधिकारी, सुरक्षा व्यवस्था, वाहन, एम्बुलेंस अथवा अन्य कंपनी संसाधन किस अधिकार और किस अनुमति के आधार पर इस्तेमाल किए गए? क्या इसके लिए सक्षम स्तर से लिखित मंजूरी ली गई थी? इन सवालों के जवाब अब कर्मचारियों और नागरिकों द्वारा मांगे जा रहे हैं.
बताया जा रहा है कि इस आयोजन को भव्य और सफल बनाने के लिए कई दिनों से बैठकों, व्यवस्थाओं और तैयारियों का दौर चल रहा था. बल्लारपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय महाप्रबंधक से लेकर अन्य वरिष्ठ अधिकारी तक आयोजन की तैयारियों में सक्रिय दिखाई दिए ऐसे में चर्चा है कि आखिर एक निजी स्वरूप के कार्यक्रम के लिए वेकोली की पूरी मशीनरी किस स्तर तक सक्रिय रही.
कार्यक्रम स्थल और मार्ग पर बड़ी संख्या में वेकोली के सुरक्षा रक्षकों तथा एमएसएफ जवानों की मौजूदगी ने भी सवाल खड़े किए हैं कोयला खदानों और वेकोली की संवेदनशील परिसंपत्तियों की सुरक्षा के लिए तैनात जवानों को किसी निजी आयोजन की व्यवस्था में लगाया गया था या नहीं, यह जांच का विषय बन गया है.
यदि कंपनी के सुरक्षा संसाधनों का इस्तेमाल निजी कार्यक्रम के लिए किया गया है तो यह न केवल प्रशासनिक पारदर्शिता है बल्कि कंपनी के संसाधनों के उचित उपयोग से जुड़ा गंभीर प्रश्न है कर्मचारियों और जागरूक वर्ग में अब इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है.
जांच में यदि कंपनी के वाहनों, एम्बुलेंस, सुरक्षा कर्मियों या अन्य संसाधनों के इस्तेमाल की पुष्टि होती है तो जिम्मेदारी तय करने के साथ-साथ संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलब किए जाने की मांग हो रही है अब निगाहें वेकोली के उच्चस्तरीय प्रबंधन पर हैं कि वह इस मामले में स्थिति स्पष्ट करता है या फिर निजी आयोजन के नाम पर उठे इन गंभीर सवालों को नजरअंदाज कर देता है.







0 Comments