खबरदार! सुबह-सुबह किसी भी खदान में पहुंच सकता है सीएमडी का काफिला

 



खबरदार! सुबह-सुबह किसी भी खदान में पहुंच सकता है सीएमडी का काफिला

◾प्रत्यक्ष निरीक्षण कर उत्पादन-डिस्पैच के साथ सुरक्षा पर विशेष नजर 


 चंद्रपुर,( Rajya Reporter News ) : वेकोली के विभिन्न क्षेत्रों मे अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच इन दिनों सतर्कता का माहौल देखने को मिल रहा है वजह है कि वेकोली के सीएमडी द्वारा कार्यालय में बैठकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठकों तक सीमित रहने के बजाय खदानों का प्रत्यक्ष एवं औचक निरीक्षण करने को प्राथमिकता देना. 

हाल के दिनों में सीएमडी द्वारा कुछ क्षेत्रों के खदानों का सुबह-सुबह औचक निरीक्षण किए जाने से संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों में सक्रियता बढ़ी है बताया जा रहा है कि एक निरीक्षण के दौरान सीएमडी करीब सुबह 7 बजे ही खदान परिसर में पहुंच गए. बिना किसी बड़े तामझाम और पूर्व सूचना के हुए इस निरीक्षण ने अधिकारियों को भी चौंका दिया. 

सीएमडी के इस बदले हुए निरीक्षण अंदाज को वेकोली में सकारात्मक प्रशासनिक पहल के रूप में देखा जा रहा है अब अधिकारी भी इस बात को लेकर सजग नजर आ रहे हैं कि किसी भी समय सीएमडी का काफिला उनके क्षेत्र की किसी खदान में पहुंच सकता है ऐसे में खदानों में व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने, सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने और उत्पादन व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.

बताया जाता है कि सीएमडी का फोकस केवल उत्पादन बढ़ाने तक सीमित नहीं है , उत्पादन के साथ कोयला डिस्पैच, मशीनरी की कार्यक्षमता और सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षित कार्य वातावरण को भी प्राथमिकता दी जा रही है उनका जोर इस बात पर है कि सुरक्षा मानकों से किसी प्रकार का समझौता किए बिना उत्पादन लक्ष्य हासिल किए जाएं. 

सीएमडी के प्रत्यक्ष निरीक्षण से जमीनी स्तर की वास्तविक स्थिति को समझने और अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक मार्गदर्शन देने का अवसर भी मिल रहा है इससे निर्णय प्रक्रिया में तेजी आने के साथ खदानों में कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है.

वेकोली के अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच अब चर्चा है कि “सावधान रहें, तैयार रहें... सीएमडी साहब का काफिला कब किस क्षेत्र की खदान में पहुंच जाए, कहा नहीं जा सकता"  हालांकि इस सक्रिय निरीक्षण शैली को अधिकारी वर्ग कंपनी के उत्पादन, सुरक्षा और कार्यसंस्कृति को मजबूत करने की दिशा में सकारात्मक कदम मान रहा है.




Post a Comment

0 Comments