क्षेत्रीय अस्पताल की अनियमितताओं पर मुख्यालय और विजिलेंस सख्त, अस्पताल प्रबंधन में मचा हड़कंप

 



क्षेत्रीय अस्पताल की अनियमितताओं पर मुख्यालय और विजिलेंस सख्त, अस्पताल प्रबंधन में मचा हड़कंप

◾तीन सदस्यीय जांच समिति कल करेगी निरीक्षण, कर्मचारी भी गोपनीय रूप से देने को तैयार जानकारी. 


 चंद्रपुर,( Rajya Reporter News ) : वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड चंद्रपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अस्पताल में पिछले कई महीनों से सामने आ रही कथित अनियमितताओं एवं भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतों को आखिरकार वेकोली मुख्यालय और विजिलेंस विभाग ने गंभीरता से लिया है शिकायतों के आधार पर मुख्यालय स्तर से तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है जो 13 जुलाई को क्षेत्रीय अस्पताल का दौरा कर विभिन्न शिकायतों की विस्तृत जांच करेगी. जिससे अस्पताल में हड़कंप मचा हुआ है.

सूत्रों के अनुसार वेकोली के प्रमुख चिकित्सा सेवाएं (प्रभारी) द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि मुख्य सतर्कता अधिकारी (CVO), WCL को प्राप्त शिकायतों की जांच के लिए तीन अधिकारियों की समिति का गठन किया गया है समिति में उप प्रबंधक (वित्त), प्रबंधक (मानव संसाधन) तथा उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी को शामिल किया गया है इस समिति को जांच कर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं.

क्षेत्रीय अस्पताल को लेकर बीते कई महीनों से इलाज व्यवस्था, दवा वितरण, प्रशासनिक कार्यप्रणाली, सरकारी संसाधनों के कथित निजी उपयोग, ड्यूटी समय के पालन में लापरवाही, नियमित ड्यूटी नहीं करने वाले कर्मचारियों को साप्ताहिक अवकाश के दिन ड्यूटी पर बुलाने, पदनाम के विपरीत कार्य लेने तथा दस्तावेजों के रखरखाव से जुड़े मामलों समेत अनेक गंभीर शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं इन्हीं शिकायतों के आधार पर विजिलेंस स्तर पर जांच प्रक्रिया शुरू की गई है.

जांच समिति के प्रस्तावित दौरे की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रबंधन सक्रिय हो गया है अस्पताल में फाइलों को व्यवस्थित करने, अभिलेखों को दुरुस्त करने तथा व्यवस्थाओं को सुधारने की कवायद तेज हो गई है वहीं अस्पताल परिसर में यह चर्चा भी है कि समिति के स्वागत एवं व्यवस्थाओं को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं हालांकि इन चर्चाओं की पुष्टि नहीं हो सकी है.

सूत्रों के अनुसार अस्पताल में कार्यरत अनेक कर्मचारी लंबे समय से चल रही कथित मनमानी, अनियमितताओं तथा दस्तावेजों में कथित हेरफेर संबंधी जानकारी जांच समिति के समक्ष रखने के इच्छुक हैं कर्मचारियों का कहना है कि यदि उन्हें गोपनीय रूप से, व्यक्तिगत रूप से बुलाकर बयान दर्ज किए जाएं और उनकी पहचान पूरी तरह सुरक्षित रखी जाए, तो वे जांच में महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने को तैयार हैं.

विभिन्न विभागों के तीन वरिष्ठ अधिकारियों को शामिल कर गठित इस समिति के निरीक्षण को अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है माना जा रहा है कि यदि जांच निष्पक्ष एवं व्यापक रूप से हुई तो अस्पताल की कार्यप्रणाली से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं यदि शिकायतें जांच में सही पाई जाती हैं तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता. 

फिलहाल पूरे चंद्रपुर क्षेत्र की निगाहें 13 जुलाई को होने वाले निरीक्षण और उसके बाद आने वाली जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं.




Post a Comment

0 Comments