निलंबित कर्मचारी के समर्थन में उतरे बीएमएस के नेतागण, खान प्रबंधक कार्यालय में घुसकर धमकी देने का आरोप

 



निलंबित कर्मचारी के समर्थन में उतरे बीएमएस के नेतागण, खान प्रबंधक कार्यालय में घुसकर धमकी देने का आरोप

चंद्रपुर,( राज्य रिपोर्टर न्यूज ) : वेकोली चंद्रपुर क्षेत्र के दुर्गापुर रैयतवारी कॉलरी में एक कर्मचारी के निलंबन को लेकर श्रमिक संगठन और प्रबंधन के बीच टकराव खुलकर सामने आ गया है. जहां एक ओर प्रबंधन ने सेफ्टी कम प्रोडक्शन असिस्टेंस पर गंभीर अनुशासनहीनता के आरोप लगाते हुए उसे निलंबित कर आरोपपत्र जारी किया है वहीं दूसरी ओर कर्मचारी के समर्थन में पहुंचे भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) के नेताओं पर खान प्रबंधक को धमकाने और कार्यालय में हंगामा करने के आरोप लगे हैं.

प्रबंधन द्वारा जारी आरोपपत्र सह निलंबन पत्र के अनुसार 19 जून को संबंधित कर्मचारी ने ड्यूटी के दौरान स्वयं को सड़क दुर्घटना में घायल होने की जानकारी दी थी जिससे खान प्रबंधक ने उसे तत्काल चिकित्सकीय परीक्षण के लिए अस्पताल जाने का निर्देश दिया, लेकिन आरोप है कि कर्मचारी अस्पताल जाने के बजाय सीधे खदान में कार्य करने पहुंच गया बाद में जब सक्षम अधिकारियों ने घटना के संबंध में उसका बयान लेना चाहा तो उसने बयान देने से साफ इनकार कर दिया. जिससे प्रबंधन ने इसे कंपनी के स्थायी आदेशों का उल्लंघन मानते हुए कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया. 

निलंबन के अगले ही दिन विवाद और गहरा गया, प्राप्त जानकारी के अनुसार इस मामले में बीएमएस यूनियन के 4 पदाधिकारी खान प्रबंधक कार्यालय पहुंचे और ऊंची आवाज में अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए खान प्रबंधक पर दबाव बनाने का प्रयास किया. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस मामले को लेकर नेताओं ने प्रबंधक और अन्य अधिकारियों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां कीं तथा परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी. 

इस घटनाक्रम ने चंद्रपुर क्षेत्र में श्रमिक संगठन और प्रबंधन के बीच बढ़ते तनाव को फिर एक बार उजागर कर दिया है. निलंबित कर्मचारी के समर्थन में नेताओं की सक्रियता और उसके बाद सामने आए धमकी के आरोपों ने पूरे मामले को संवेदनशील बना दिया है अब सबकी निगाहें प्रबंधन द्वारा प्रस्तावित आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं.

इस मामले से जुड़े कुछ और खुलासे हमारी अगली खबर में प्रकाशित किया जाएगा.




Post a Comment

0 Comments