रैयतवारी उपक्षेत्र में ‘काम कम–वेतन पूरा’ का खेल!
◾प्रबंधन की मेहरबानी या कार्रवाई के संकेत ?
चंद्रपुर,( राज्य रिपोर्टर न्यूज ) : चंद्रपुर क्षेत्र के रैयतवारी उपक्षेत्र में इन दिनों एक चौंकाने वाला मामला चर्चा का विषय बना हुआ है प्राप्त जानकारी के अनुसार यहां कुछ कर्मचारियों को बिना पूर्ण कार्य किए ही पूरा वेतन दिए जाने का कथित खेल खुलेआम चल रहा है.
राज्य रिपोर्टर न्यूज़ द्वारा इससे पहले दुर्गापुर और भटाडी उपक्षेत्र में उजागर किए गए मामलों के बाद अब रैयतवारी उपक्षेत्र से सामने आई यह जानकारी प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है कर्मचारियों के एक वर्ग ने आरोप लगाया है कि यहां “काम कम – वेतन पूरा” का चलन अब व्यवस्था का हिस्सा बनता जा रहा है.
सूत्रों के मुताबिक, शरद, कैलाश और दशरथ नामक कर्मचारी निर्धारित कार्य समय में अपने कार्यस्थल पर उपस्थित नहीं रहते, इसके बावजूद उन्हें पूरे समय का वेतन मिल रहा है हैरानी की बात यह है कि इनमें से एक कर्मचारी विशिष्ट कामगार संगठन के बड़े पदाधिकारी बताये जा रहे हैं जबकि अन्य प्रभावशाली भूमिका में बताए जा रहे हैं.
सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रबंधन ने संगठन के पदाधिकारियों को बिना काम वेतन लेने का कोई “विशेषाधिकार” दे दिया है? यदि ऐसा नही है तो यह न केवल नियमों की धज्जियां उड़ाने जैसा है बल्कि अन्य कर्मचारियों के साथ खुला अन्याय भी है.
सूत्रों के अनुसार ऐसे कुछ मामलों में कार्रवाई की हलचल भी तेज हो रही है जानकारी सामने आई है कि रैयतवारी उपक्षेत्र के एक कर्मचारी पर प्रबंधन द्वारा कार्रवाई के संकेत मिले हैं हालांकि यह कार्रवाई दिखावे तक सीमित रहेगी या वास्तव में व्यापक स्तर पर होगी यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा .
इस मामले में जब उपक्षेत्रीय प्रबंधक से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें मीडिया में कोई भी बयान देने का अधिकार नहीं है और जनसंपर्क अधिकारी से संपर्क करने की सलाह दी.
राज्य रिपोर्टर न्यूज़ द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान को कर्मचारियों का उत्स्फूर्त समर्थन मिल रहा है कई कर्मचारियों ने ऐसे लोगों की सूची भी सौंपी है जो बिना पूर्ण कार्य किए वेतन ले रहे हैं.
यदि प्रबंधन ने समय रहते ठोस और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की तो आने वाले दिनों में इस मामले का और बड़ा खुलासा होना तय माना जा रहा है साथ ही आने वाले समय मे लालपेठ उपक्षेत्र से जुड़े कई और नाम भी जल्द सामने आ सकते हैं.







0 Comments