बल्लारपुर शहर में जुआ अड्डे पर पुलिस का धावा! 5 जुआरी दबोचे, एक फरार; 55 हजार का मुद्दा माल जब्त

 



बल्लारपुर शहर में जुआ अड्डे पर पुलिस का धावा! 5 जुआरी दबोचे, एक फरार; 55 हजार का मुद्दा माल जब्त

◾ताश की बाजी पर पुलिस की नजर! संतोषी माता वार्ड में जुआ अड्डे पर छापा, 5 आरोपी हिरासत में

बल्लारपुर, ( Rajya Reporter News ) : बल्लारपुर शहर के संतोषी माता वार्ड परिसर में सार्वजनिक स्थान पर चल रहे जुआ अड्डे पर बल्लारपुर पुलिस ने रविवार, 9 अगस्त को छापामार कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को हिरासत में लिया। कार्रवाई के दौरान नकद राशि, मोबाइल फोन, ताश के पत्ते तथा एक TVS NTORQ-125 दोपहिया वाहन सहित कुल 55 हजार 50 रुपये का मुद्देमाल जब्त किया गया। पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही एक आरोपी मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, रविवार को बल्लारपुर पुलिस टीम शहर में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि संतोषी माता वार्ड स्थित एक मकान के पीछे खुले स्थान पर कुछ लोग ताश के पत्तों पर हार-जीत का जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर छापा मारा।

छापेमारी के दौरान पांच लोग ताश के पत्तों पर जुआ खेलते हुए पाए गए। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की। हिरासत में लिए गए आरोपियों की पहचान भारत भगवान भटकर (34), दानिश उर्फ दादू देवानंद भुरचुंडे (26), सुनील तुकाराम टेकाम (47), सावन प्रल्हाद वाळके (40) और आकाश दिलीप रणदिवे (35) के रूप में हुई है।

इसी दौरान पुलिस की भनक लगते ही संतोष उर्फ बेसन बारसागडे, निवासी आंबेडकर वार्ड, बल्लारपुर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाशी लेने के साथ ही घटनास्थल की जांच की गई। इस दौरान नकद राशि, मोबाइल फोन, ताश के पत्ते तथा TVS NTORQ-125 दोपहिया वाहन बरामद किया गया। जब्त किए गए सभी सामान की कुल कीमत 55,050 रुपये बताई गई है।

इस मामले में आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र जुआ प्रतिबंधक अधिनियम की धारा 12(अ) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच बल्लारपुर पुलिस द्वारा की जा रही है।

पुलिस टीम की कार्रवाई 

यह कार्रवाई पुलिस निरीक्षक बिपिन इंगळे के मार्गदर्शन में पुलिस उपनिरीक्षक उमेश जोगदंड, पुलिस हवलदार संतोष पंडित, पुलिस अंमलदार मिलिंद आत्राम, लखन चव्हाण, फुलचंद लोधी एवं शांतकुमार घोसे ने की।




Post a Comment

0 Comments